
कमलेश वैष्णव/संस्कार न्यूज
बिजयनगर।
मसूदा विधानसभा क्षेत्र में पेयजल व्यवस्था को लेकर बड़ी सौगात मिली है। जल जीवन मिशन के अंतर्गत लगभग 418 करोड़ रुपये की लागत से क्षेत्र में 78 विशाल जल टंकियों तथा 13 पंप हाउस का निर्माण किया जाएगा। इस परियोजना से ग्रामीण क्षेत्रों के हजारों परिवारों तक सीधे घर-घर स्वच्छ पेयजल पहुंच सकेगा। लंबे समय से जल संकट का सामना कर रहे ग्रामीणों को इस योजना से स्थायी राहत मिलने की उम्मीद है। विधायक वीरेंद्र सिंह कानावत की पहल और लगातार प्रयासों के बाद इस महत्वाकांक्षी योजना को स्वीकृति मिली है, जिससे क्षेत्र में विकास की नई दिशा दिखाई दे रही है।
विधायक वीरेंद्र सिंह कानावत ने बताया कि परियोजना के तहत विभिन्न ग्राम पंचायतों में ओवरहेड जल टंकियों के लिए स्थान चिन्हित कर लिए गए हैं तथा तकनीकी प्रक्रिया को अंतिम रूप दिया जा रहा है। योजना के तहत नई पाइपलाइन बिछाने, जल वितरण तंत्र को मजबूत करने तथा पंप हाउस निर्माण का कार्य चरणबद्ध तरीके से किया जाएगा। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार का उद्देश्य प्रत्येक घर तक स्वच्छ एवं नियमित पेयजल पहुंचाना है और मसूदा विधानसभा में यह योजना उसी दिशा में महत्वपूर्ण कदम साबित होगी। योजना पूरी होने के बाद महिलाओं और ग्रामीणों को दूर-दराज क्षेत्रों से पानी लाने की समस्या से राहत मिलेगी तथा ग्रामीण जीवन स्तर में भी सुधार आएगा।
ग्रामीणों ने इस योजना को क्षेत्र के लिए ऐतिहासिक उपलब्धि बताते हुए विधायक वीरेंद्र सिंह कानावत और राज्य सरकार के प्रति आभार व्यक्त किया। ग्रामीणों का कहना है कि वर्षों से पेयजल की समस्या के कारण लोगों को कई कठिनाइयों का सामना करना पड़ता था, लेकिन अब क्षेत्र में स्थायी समाधान की उम्मीद जगी है। परियोजना से गांवों में नियमित जलापूर्ति होने के साथ भविष्य की जरूरतों को भी ध्यान में रखा गया है।
इधर शहरी क्षेत्र बिजयनगर को भी अमृत 2 योजना के अंतर्गत बड़ी राहत मिलने जा रही है। करीब 10 करोड़ रुपये की लागत से शहर की पेयजल व्यवस्था को आधुनिक और मजबूत बनाया जाएगा। योजना के माध्यम से हर घर जल कनेक्शन उपलब्ध करवाने के साथ पुरानी जल वितरण व्यवस्था में सुधार किया जाएगा। नई पाइपलाइन, बेहतर जल आपूर्ति तंत्र तथा नियमित वितरण व्यवस्था से शहरवासियों को पर्याप्त और स्वच्छ पेयजल उपलब्ध हो सकेगा। स्थानीय लोगों ने इसे बिजयनगर के विकास के लिए महत्वपूर्ण कदम बताते हुए खुशी व्यक्त की।
शब्द संख्या: 346
